Top News

भाजपा जन्मदिन पर सैफई की तरह सेलिब्रिटीज बुलाकर नाच-गाना नहीं कराती बल्कि हर कार्यकर्ता समाज के लिए त्याग देता है


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े का शुभारंभ बुधवार को भव्य रूप से किया गया। प्रीत विहार स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप ने फीता काटकर किया। इस मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कुल 203 यूनिट रक्तदान कर कार्यकर्ताओं ने समाज सेवा का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि “सेवा पखवाड़ा ऐसा माध्यम है, जिससे हम सीधे आमजन की सेवा कर सकते हैं। विश्व में कहीं भी ऐसा उदाहरण नहीं मिलता कि किसी प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति के जन्मदिन को जनता की सेवा के रूप में मनाया गया हो। यह भाजपा की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है।”


मंत्री ने आगे कहा कि यह रक्तदान शिविर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के सैनिकों और जरूरतमंद मरीजों के जीवन के लिए संजीवनी साबित होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे आने वाले कार्यक्रमों—स्वच्छता अभियान, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन और प्रदर्शनी—में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनता तक भाजपा की नीतियां और उपलब्धियां पहुंचाएं।


विपक्ष पर साधा निशाना

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विपक्षी दलों पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “अन्य पार्टियां नेताओं के जन्मदिन पर सैफई जैसे आयोजनों में सेलिब्रिटीज बुलाकर नाच-गाना कराती हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान से समाज सेवा करते हैं। यही भाजपा की असली पहचान है।”

राहुल गांधी की यात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 16 दिन की यात्रा पूरी तरह निष्फल रही। बिहार में तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव भी यह भली-भांति समझ चुके हैं कि वहां फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। कश्यप ने कहा कि हार का ठीकरा विपक्ष कभी चुनाव आयोग पर तो कभी भाजपा पर फोड़ता है, लेकिन सच्चाई यह है कि जनता कांग्रेस और उसके सहयोगियों को नकार चुकी है।


उन्होंने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगाया। कश्यप ने कहा कि “जिस पार्टी ने देश पर आपातकाल थोपा, वो आज निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं रखती।”

शिविर में उमड़ा उत्साह

रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जिला अध्यक्ष नरेश तोमर, महामंत्री राजीव सिरोही, पुनीत गोयल, मोहन सिंह, प्रफुल्ल सारस्वत, उपाध्यक्ष श्यामेंद्र त्यागी, अनिरुद्ध सिंह कसला, दीपक भाटी, शैलेंद्र राणावत, ललित मोदी, जय भगवान शर्मा, मालती भारती, नीलम सिंह, मुनेश त्यागी, अशोक शर्मा, राहुल उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला मीडिया प्रभारी सुयश वशिष्ठ ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।








Post a Comment

Previous Post Next Post