प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने रचा नया इतिहास: अश्वनी त्यागी
केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित
सुशील शर्मा
हापुड़। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के सफल 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज प्रीत विहार स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद अश्वनी त्यागी ने पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए अश्वनी त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर बुलंदियों को छू रहा है। ‘भारत माता की जय’ के नारे आज देश ही नहीं, विदेशों में भी गूंज रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये भारत की सैन्य ताकत पूरी दुनिया ने देखी है।
हर क्षेत्र में भारत अग्रणी: सुरक्षा, विकास और अर्थव्यवस्था में बड़ी छलांग
अश्वनी त्यागी ने बताया कि आज देश के पास अपना मिसाइल डिफेंस सिस्टम है, और यही सरकार की दूरदर्शिता व नीति का परिणाम है कि भारत हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले 96 जिले नक्सलवाद की चपेट में थे, परंतु प्रधानमंत्री की निर्णायक नीति व सुरक्षाबलों की सशक्त कार्रवाई के चलते अब नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में 70% तक कमी आई है।
भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। UPI के माध्यम से लेनदेन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से करोड़ों रुपये बिना किसी बिचौलिये के सीधे जनता के खातों में पहुंचाए गए हैं।
देश में हो रहा है रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य
उन्होंने कहा कि देश में प्रति दिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है और रेल नेटवर्क को तेजी से विस्तार दिया जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज का उद्घाटन किया है। पहले भारत को बड़ी परियोजनाओं के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन आज भारत खुद दूसरे देशों की सहायता कर रहा है।
आस्था और संस्कृति को मिला नया आयाम
अश्वनी त्यागी ने बताया कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक परियोजना और राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक कार्य अब हकीकत का रूप ले चुके हैं, जो पहले केवल स्वप्न थे।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी मोदी सरकार
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना के स्थायी कमीशन, सैनिक स्कूलों और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश जैसे कदमों ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। साथ ही, राजनीति में 33% आरक्षण देकर महिलाओं को निर्णायक भूमिका में लाया गया है।
जनकल्याण की योजनाओं से जुड़ा हर नागरिक
अश्वनी त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है। चाहे पर्यावरण की रक्षा हो या स्वच्छता अभियान, मोदी सरकार हर मोर्चे पर मजबूत और सक्रिय रही है।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिला प्रभारी सतपाल सैनी, विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिला महामंत्री मोहन सिंह, पुनीत गोयल, तथा जिला मीडिया प्रभारी सुयश वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment