Top News

फिल्मी स्टाइल में पुलिस की पिस्टल छीन कर पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास करने वाला कुख्यात गोकश पुलिस मुठभेड़ में घायल

फिल्मी स्टाइल में पुलिस की पिस्टल छीन कर  पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास करने वाला कुख्यात गोकश पुलिस मुठभेड़ में  घायल

हापुड़। जिले की गढ़मुक्तेश्वर और हाफिजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात गोकश को मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया बदमाश पुलिस की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।

बरामद हुए गौकशी उपकरण और पिस्टल

गिरफ्तार बदमाश की पहचान नूरु कुरैशी पुत्र यासीन निवासी ग्राम अठसैनी थाना गढ़मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। वह गढ़मुक्तेश्वर थाने का टॉप-10 व हिस्ट्रीशीटर अपराधी (एचएस-5A) है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरकारी पिस्टल, मैगजीन और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।


गौकशी के आरोप में पहले ही दर्ज है मुकदमा

बताया गया कि नूरु कुरैशी अपने साथियों के साथ मिलकर 2/3 जून 2025 की रात थाना हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम सालेपुर कोटला के जंगल में गौकशी की वारदात को अंजाम दे चुका है। इस संबंध में थाना हाफिजपुर पर मुकदमा संख्या 85/2025 धारा 3/5/8 गौवध अधिनियम में मामला पंजीकृत है।

मुठभेड़ के दौरान किया हमला, फिर हुआ घायल

थाना हाफिजपुर पुलिस जब बदमाश को लेकर गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गौकशी में प्रयुक्त उपकरणों की बरामदगी के लिए गई थी, तभी नूरु कुरैशी ने अचानक पुलिस की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।


अस्पताल में भर्ती, दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। नूरु कुरैशी के विरुद्ध जनपद हापुड़ के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या का प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने की सराहना

इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने थाना गढ़मुक्तेश्वर व हाफिजपुर पुलिस टीम को बधाई दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post