Top News

ईरानी गैंग के तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोरी के जेवरात, असलहे व विदेशी मुद्रा बरामद

ईरानी गैंग के तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोरी के जेवरात, असलहे व विदेशी मुद्रा बरामद

प्रवीन कुमार

बुलंदशहर - जनपद में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना स्याना पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ईरानी गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, अवैध असलहे, विदेशी मुद्रा, फर्जी आईडी कार्ड, मोबाइल, मोटरसाइकिल सहित भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तारी सराय नहर पटरी के पास से की गई, जहां आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

बरामद सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के पास से 04 पेंडेंट, 04 टॉप्स, 01 अंगूठी, 46 छोटी रिंग (पीली धातु) और 02 ताबीज (सफेद धातु), ₹6831 नकद, तीन तमंचे 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक (DL-14SB-9728), तीन मोबाइल फोन, 04 भूटानी नोट (मूल्य ₹150), छह फर्जी आईडी कार्ड (पैन, आधार, वोटर) बरामद किए हैं।


गिरफ्तार आरोपी

1. अख्तर सैयद निवासी मुम्ब्रा, जिला ठाणे, महाराष्ट्र

2. फिरोज हुज्जत अली जाफरी निवासी मुम्ब्रा, जिला ठाणे, महाराष्ट्र

3. निसार बुन्दु शाह निवासी नेरल, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र

तीनों अभियुक्त महाराष्ट्र से ट्रेन के माध्यम से अलग-अलग जनपदों में पहुंचते थे। वहां होटल या धर्मशाला में रुकते और सुनियोजित तरीके से घटनाओं को अंजाम देकर वापस लौट जाते थे।

पहले भी कर चुके हैं वारदातें

गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 19 जून को कस्बा स्याना में एक सुनार की दुकान से टप्पेबाजी कर आभूषण चुराए थे। इसके अलावा आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी में एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान से रुपए छीने थे।


इन अपराधियों के खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में पूर्व में भी एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें धोखाधड़ी, चोरी, लूट, टप्पेबाजी जैसे मामले शामिल हैं।

स्पेशल टीमों की भूमिका

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना स्याना पुलिस के प्रभारी निरीक्षक यज्ञदत्त शर्मा और स्वाट टीम प्रभारी राहुल चौधरी की प्रमुख भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल, उप निरीक्षक और महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं।

एसपी बोले – अपराधियों पर सख्ती जारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में सक्रिय अपराधियों और गैंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है। ईरानी गैंग के इन सदस्यों की गिरफ्तारी से अन्य कई घटनाओं के राज भी खुल सकते हैं।




Post a Comment

Previous Post Next Post