सोशल मीडिया पर मुस्लिम दंपती के घरेलू विवाद को दिया जा रहा सांप्रदायिक रंग, हापुड़ पुलिस ने किया खंडन
सुशील शर्मा
हापुड़ - सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला की पिटाई को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो करीब डेढ़ माह पुराना है और यह एक मुस्लिम दंपती का आपसी पारिवारिक विवाद है। पुलिस ने इस संबंध में दर्ज पुराने मुकदमे की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों का कड़ा खंडन किया है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक महिला का पति है और दोनों जन्म से मुस्लिम हैं। करीब डेढ़ माह पहले यह वीडियो सामने आया था, जिसके आधार पर थाना हापुड़ नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र न्यायालय को भेजा जा चुका है। फिलहाल दोनों पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रह रहे हैं और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि कुछ शरारती तत्व इस वीडियो को सोशल मीडिया पर हिन्दू-मुस्लिम का रूप देकर सांप्रदायिक तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ थाना हापुड़ नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य अकाउंट्स और पोस्ट साझा करने वालों की पहचान की जा रही है, जिन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
हापुड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रामक और भड़काऊ पोस्टों से बचें, सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पूर्व उसकी पुष्टि अवश्य कर लें। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment