कानून-व्यवस्था पर समीक्षा बैठक में गरजे डीएम-एसपी कहा – न्याय में देरी नहीं होनी चाहिए
सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अभियोजन कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर विशेष चर्चा करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
▶️ महिला अपराधों में लापरवाही नहीं चलेगी
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि महिला एवं बाल अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि पास्को एक्ट और महिला उत्पीड़न से संबंधित सभी लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ितों को सरकारी योजनाओं के तहत समय पर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
▶️ दोषियों को सजा दिलाने में तेजी लाएं: एसपी
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि "सिर्फ मुकदमे दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि दोषियों को सजा दिलाना ही असली न्याय है।" उन्होंने अभियोजन अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और ऐसे मामलों में सशक्त पैरवी करने के निर्देश दिए ताकि अपराधियों को समय पर सजा मिल सके।
▶️ बैठक में ये भी हुए निर्देश
गंभीर अपराधों की विवेचना समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
अभियोजन अधिकारियों एवं विवेचक पुलिसकर्मियों के बीच समन्वय मजबूत किया जाए।
सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों में पीड़ितों को प्राथमिकता से लाभ दिलाया जाए।
पास्को और महिला अपराधों में हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
▶️ बैठक में अधिकारीगण रहे मौजूद
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता का प्रतीक बनी, जिससे साफ संकेत गया कि महिला व बाल अपराधों को लेकर अब जिले में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं।

Post a Comment