Top News

टिन शेड नहीं, गिरी थी लापरवाही, एक मजदूर की मौत, सात जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज


टिन शेड नहीं, गिरी थी लापरवाही, एक मजदूर की मौत, सात जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज

न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा 

हापुड़ - पिलखुवा थाना क्षेत्र के धौलाना मार्ग स्थित एक औद्योगिक इकाई में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम के दौरान जर्जर टिन शेड गिरने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों की तहरीर पर फैक्ट्री मालिकों और प्रबंधन से जुड़े सात लोगों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना रविवार दोपहर लगभग 1:30 बजे उस वक्त हुई जब फैक्ट्री के एक प्लांट में करीब 55 मजदूर मोबाइल टावर के उपकरणों पर मार्किंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जर्जर टिन शेड और लोहे की भारी गाटर अचानक भरभराकर गिर गई। लगभग 20 मजदूर खाना खाने के कारण बाहर थे, जिससे कई की जान बच गई, लेकिन अंदर मौजूद मजदूर हादसे की चपेट में आ गए।

स्थानीय नागरिकों और पुलिस की तत्परता से मलबे में दबे मजदूरों को निकाला गया और उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान खेड़ा गांव निवासी रामभूल सिंह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल मनीष सिंह को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य घायलों संदीप, संजेश और कुलदीप का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।


मृतक के पुत्र भानू प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में फैक्ट्री मालिक आलोक अग्रवाल, शलभ, शशांक, प्रोडक्शन मैनेजर ऋषिदेव, , मैनेजर महेंद्र सिंह त्यागी,ठेकेदार श्रीकांत कुशवाह एचआर मैनेजर मनोज शर्मा, और को हादसे का जिम्मेदार बताया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि टिन शेड की खस्ता हालत के बारे में प्रबंधन को पहले ही कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। जान जोखिम में डालते हुए मजदूरों से खतरनाक ढांचे के नीचे काम करवाया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

थाना प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





Post a Comment

Previous Post Next Post