News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - शहर में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष के देवर सहित तीन लोगों ने एक व्यक्ति से प्लॉट बेचने का झांसा देकर दो लाख रुपये हड़प लिए और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की ओर से न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के बाद हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
रेलवे फाटक चमरी निवासी आशीष गौतम, जो पुरानी बाइक, स्कूटर और ई-रिक्शा खरीदने-बेचने का काम करते हैं, ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। आशीष के मुताबिक 30 मार्च 2025 को विजय कुमार उर्फ इंद्रजीत (बैंक कॉलोनी, गली नंबर-2, चमरी रोड), नरेश कुमार और गणेशपुरा निवासी संजीव ने उन्हें सीएमओ कार्यालय के पीछे गाड़ी कटरा क्षेत्र में 66 वर्ग गज का प्लॉट दिखाया। आरोपियों ने दावा किया कि यह प्लॉट उनके कब्जे में है और वे ही इसकी बिक्री करेंगे।
आशीष ने उनकी बातों पर भरोसा कर तीन किश्तों में 50-50 हजार रुपये नरेश के नंबर पर ट्रांसफर किए और 1.5 लाख रुपये नकद विजय और संजीव के कार्यालय में गवाहों की मौजूदगी में दिए। तय हुआ कि शेष छह लाख रुपये रजिस्ट्री के समय दिए जाएंगे। जब आशीष ने रसीद मांगी, तो आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि दो महीने बाद बैनामा उनके नाम हो जाएगा।
रजिस्ट्री के समय बढ़ाने लगे टालमटोल
आरोप है कि जब आशीष 30 मई को रजिस्ट्री कराने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें टालना शुरू कर दिया। कहा गया कि प्लॉट का मालिक इसे पहले ही किसी और को बेच चुका है, लेकिन वे दूसरा प्लॉट दिला देंगे। आशीष ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
कई बार मांगने के बावजूद रकम न मिलने पर आशीष 29 जून की शाम को फिर दफ्तर गए, जहां आरोपियों ने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान विजय कुमार ने यह कहकर दबाव बनाने की कोशिश की कि वह नगर पालिका अध्यक्ष के पति श्रीपाल का भाई है और उसका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता।
अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ केस
पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। अदालत के आदेश पर कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने आरोपियों विजय कुमार उर्फ इंद्रजीत, नरेश कुमार और संजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच जारी
सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment