News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। जनपद हापुड़ में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग और उत्पीड़न से परेशान विवाहिता को उसके पति ने घर आकर मारपीट करने के बाद तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता द्वारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर दिया तलाक
मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी बिलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री की शादी पांच वर्ष पूर्व गाजियाबाद के न्यू पंचवटी निवासी तौसीफ के साथ हुई थी। 18 अगस्त को तौसीफ अपने ससुराल आया और वहां उसने ससुरालजनों के सामने गाली-गलौज करते हुए पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने तीन बार तलाक कहकर पत्नी को छोड़ दिया और मौके से भाग गया। घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
पहले से चल रहा था उत्पीड़न
पीड़िता के पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसकी पुत्री को ससुरालजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। पति तौसीफ, सास हस्मत, ससुर यामीन और देवर सुलैह अक्सर मारपीट करते और पांच लाख रुपये व कार की मांग पूरी करने का दबाव बनाते थे। आरोप है कि उत्पीड़न बढ़ने पर बेटी को घर से निकाल दिया गया और उसका बच्चा जबरन अपने पास रख लिया गया।
जान से मारने की धमकी भी दी
बिलाल ने बताया कि 22 अगस्त को तौसीफ का फोन उसकी पुत्री के पास आया, जिसमें उसने कहा कि वह उसे तलाक दे चुका है और अगर पुलिस से शिकायत की गई तो जान से मार देगा।
पुलिस की कार्रवाई
थाना हापुड़ देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment