Top News

भूमि बेचने के नाम पर 45.80 लाख की ठगी, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एक किसान को कृषि भूमि बेचने के नाम पर करीब 45.80 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से हथियार दिखाकर उन्हें और उनके बहनोई को बंधक बना लिया तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित सागर त्यागी का कहना है कि वह कृषि भूमि खरीदना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने चार प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क किया। 10 जून को उनकी मुलाकात राजसिंह उर्फ रिंकू, रितिक, प्रियांशु और राजेश्वरी से कराई गई। सौदा 36.11 लाख रुपये प्रति पक्का बीघा के हिसाब से तय हुआ। उसी दिन उन्होंने 95 हजार रुपये नकद बयाना दे दिया।

सागर का आरोप है कि 12 जून को डीलरों के माध्यम से आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपये नकद और 5.25 लाख रुपये केसीसी ऋण चुकाने के लिए ले लिए। इसके बाद 19 जून को बैनामा की तारीख तय हुई। इस दिन सागर ने अपनी मां के खाते से आरोपियों के खातों में 29.60 लाख रुपये आरटीजीएस से ट्रांसफर कर दिए।


सागर के मुताबिक, शेष रकम लेकर वह सब-रजिस्टार कार्यालय पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। वह अपने बहनोई के साथ आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां उन्हें कथित रूप से हथियार दिखाकर बंधक बना लिया गया और धमकी दी गई। बाद में पता चला कि जिस जमीन का सौदा हुआ था, वह आरोपी पहले ही किसी और को बेच चुके थे।

सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक महिला और उसके तीन पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post