Top News

बाढ से घिरे गांवों में पहुंची मदद, डीएम ने संभाली कमान

News Expert - Sushil Sharma 

बृजघाट गंगानगर क्षेत्र में बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पांडे शनिवार को मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नाव से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और पानी से घिरे गांवों में रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ पीड़ितों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनके साथ है और हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए, साथ ही जरूरतमंदों के लिए चिकित्सा सुविधाएं भी तत्काल पहुंचाई जाएं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं पीड़ित परिवारों को राशन किट वितरित कीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और सभी को आवश्यक चिकित्सा व राहत सामग्री समय से मिल सके।


जिलाधिकारी ने एसडीएम को आदेश दिया कि राहत शिविरों में साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था पुख्ता की जाए, ताकि बाढ़ से फैली बीमारियों का खतरा कम हो। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहते हुए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, राहत कार्य लगातार चलते रहेंगे।






Post a Comment

Previous Post Next Post