News Expert - Ajay Verma
धौलाना थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलैडा में शनिवार सुबह बारिश के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। महज 14 वर्षीय किशोर आतिफ की आसमानी बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से गांव में गम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब आठ बजे आतिफ अपने घर के आंगन में बारिश का आनंद ले रहा था। अचानक आसमान में तेज गर्जना के साथ चमकी बिजली सीधे उसके ऊपर आ गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन और ग्रामीण तत्काल उसकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक कक्षा छह का छात्र था और गांव के जुल्फिकार का बेटा था।
घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सदमे में डूबे परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि जांच में साफ हुआ है कि किशोर की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्राकृतिक आपदा का मामला है।







Post a Comment