News Expert - Sushil Sharma
मेरठ - मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी के निर्देश पर 1 जनवरी 2025 से 15 जुलाई 2025 तक “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने गैंगस्टर, गुंडा, गौ-तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
गैंगस्टर एक्ट में 470 अपराधी शिकंजे में
परिक्षेत्र के चार जनपदों – मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ – में कुल 126 मुकदमे दर्ज करते हुए 470 अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट में पाबंद किया गया।
मेरठ: अपराधियों के खिलाफ सबसे ज्यादा कार्रवाई, 134 पर गैंगस्टर एक्ट
ऑपरेशन प्रहार के तहत मेरठ जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का डंडा सबसे ज्यादा चला है। गैंगस्टर एक्ट के तहत यहां 37 मुकदमे दर्ज कर 134 अपराधियों को पाबंद किया गया है। गुंडा एक्ट में 325 अपराधियों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 122 को जिलाबदर किया गया।
वहीं, 80 गौ-तस्करों के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा 98 अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया और 127 की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि मेरठ पुलिस की कार्रवाई सराहनीय है, और इसे और तेज करने की जरूरत है ताकि संगठित अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
बुलंदशहर: अपराधियों पर कसी नकेल, 248 पर गैंगस्टर, 373 पर गुंडा एक्ट
डीआईजी के निर्देश पर बुलंदशहर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 60 मुकदमे दर्ज करते हुए 248 अपराधियों पर शिकंजा कसा है।
इसके साथ ही 373 अपराधियों पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई की गई, जिनमें 28 को जिलाबदर किया गया। गौवध अधिनियम में 01 मुकदमा दर्ज कर 05 गौ-तस्करों को पकड़ा गया है।
30 अपराधियों पर इनाम घोषित है और 112 की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
एसएसपी बुलंदशहर ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
बागपत: 45 अपराधी गैंगस्टर एक्ट में, 207 पर गुंडा एक्ट
बागपत पुलिस ने 15 मुकदमों में 45 अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट में पाबंद किया है।
207 अपराधियों पर गुंडा एक्ट लगाया गया है, जिसमें 28 को जिलाबदर किया गया।
गौवध अधिनियम के तहत 04 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।
यहां 42 अपराधियों पर इनाम घोषित है और 98 की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
पुलिस अधीक्षक बागपत ने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, अपराध मुक्त जनपद ही हमारा लक्ष्य है।
हापुड़: 43 अपराधियों पर गैंगस्टर, 96 पर गुंडा एक्ट, 34 गौ-तस्कर दबोचे गए
हापुड़ ऑपरेशन प्रहार के तहत हापुड़ पुलिस ने 14 मुकदमों में 43 अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट में पाबंद किया है।
96 अपराधियों पर गुंडा एक्ट लगाया गया, जिनमें 20 को जिलाबदर किया गया।
10 गौवध मामलों में 34 तस्करों को पकड़ा गया है। 12 अपराधियों पर इनाम घोषित है और 129 हिस्ट्रीशीटें खोली गई हैं।
एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए, और इसी दिशा में पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।







Post a Comment