News Expert - Aarif Kassar
धौलाना - तहसील क्षेत्र में रजिस्ट्री कार्यालय के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को धौलाना बार एसोसिएशन और बैनामा लेखक संघ ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन करते हुए रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी कर दी। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि रजिस्ट्री कार्यालय धौलाना में ही स्थापित करने का प्रस्ताव जल्द पास नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अधिवक्ताओं ने किया अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
आक्रोशित अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए कहा कि यह लड़ाई उनके हक और आम जनता की सुविधा से जुड़ी है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान करते हुए साफ कर दिया कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वे सड़क पर उतरकर जाम लगाएंगे और बड़ा आंदोलन करेंगे।
पुलिस-प्रशासन से भी हुई नोकझोंक
सूचना पर धौलाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ता डटे रहे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के सामने ही रजिस्ट्री कार्यालय की तालाबंदी की और कहा कि यह आंदोलन अब पीछे हटने वाला नहीं है।
ज्ञापन सौंपा, ग्राम प्रधानों और किसानों का मिला समर्थन
इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए रजिस्ट्री कार्यालय को धौलाना से स्थानांतरित न करने की मांग उठाई। धौलाना ग्राम प्रधान ने भी अधिवक्ताओं का समर्थन किया और कहा कि प्रशासन चाहे तो वे तुरंत रजिस्ट्री कार्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार हैं। कई अन्य ग्राम प्रधानों और किसान संगठनों ने भी अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की घोषणा की।
विरोध में शामिल प्रमुख अधिवक्ता
विरोध प्रदर्शन में बार सचिव मोहम्मद फहीम, उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव तोमर, बैनामा लेखक संघ अध्यक्ष सोमपाल सिंह, अधिवक्ता अभिषेक तोमर, गजेंद्र सिंह, हरेंद्र प्रताप, अनुज राणा, सौरभ तोमर, पवन राणा, संजय तोमर, संजीव सागर, इंदू राघव, अनिल यादव, सचिन शर्मा, रोहित कुमार, राहुल तोमर, विकास कुमार, मोहित शर्मा, अंकित राणा, विनोद राणा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।








Post a Comment