Top News

बम्बे के पास मिला महिला का शव, हत्या की आशंका से सनसनी


News Expert - Ajay Verma 

हापुड़ - थाना धौलाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने बम्बे (नहर) के पास एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही धौलाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।

मौके पर उमड़ी भीड़, क्षेत्र में दहशत

सुबह बम्बे की पटरी से गुजर रहे राहगीरों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के गांवों में ऐसी कोई महिला लापता होने की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

पुलिस-फोरेंसिक टीम जुटी जांच में

घटना की गंभीरता को देखते हुए धौलाना थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश

सीओ धौलाना ने भी मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस ने आसपास के गांवों में भी महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

सूत्रों का मानना है कि महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बम्बे के पास फेंका गया होगा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।







Post a Comment

Previous Post Next Post