Top News

हत्या या जानवर का हमला? हापुड़ में संदिग्ध हालात में मिला बुजुर्ग का शव


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ततारपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों के पास एक बुजुर्ग का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना पाकर थाना हापुड़ देहात प्रभारी विजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।

शव की पहचान और प्रारंभिक जांच

ग्रामीण सुनील कुमार और सौरभ ने शव की शिनाख्त मनवीर उर्फ कालू (63 वर्ष) निवासी ततारपुर के रूप में की। पुलिस के अनुसार शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिससे शिनाख्त करने में काफी दिक्कत आई। प्राथमिक जांच में आशंका है कि शव के चेहरे पर किसी रासायनिक पदार्थ का असर है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

हत्या या जंगली जानवर का हमला?

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मनवीर के चेहरे पर हुए घाव किसी जंगली जानवर के हमले के कारण भी हो सकते हैं। वहीं पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही।

पुलिस का बयान

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। “यह हत्या है या जंगली जानवर का हमला, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।”







Post a Comment

Previous Post Next Post