अधिवक्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, तालाबंदी और आंदोलन की दी चेतावनी
News Expert - Aarif Kassar
धौलाना - तहसील धौलाना में रजिस्ट्री कार्यालय के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं, बैनामा लेखक संघ और स्टाम्प वेंडरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। तहसील कंपाउंड परिसर में जुटे अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के फैसले का विरोध जताया और साफ कहा कि किसी भी हालत में रजिस्ट्री कार्यालय धौलाना से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
एसडीएम से हुई वार्ता, ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही धौलाना एसडीएम रेनू सिंह मौके पर पहुंचीं। अधिवक्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अगर स्थानांतरण का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो अधिवक्ता तहसील में तालाबंदी कर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
संघर्ष के लिए तैयार अधिवक्ता
बार अध्यक्ष विनोद सिसोदिया ने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय का स्थानांतरण अधिवक्ताओं और आम जनता के हितों के खिलाफ है। “अगर हमें सड़क पर संघर्ष करना पड़ा तो सभी अधिवक्ता इसके लिए तैयार हैं।”
बार सचिव मौ. फहीम और उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा ने भी कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय हटने से न केवल अधिवक्ताओं का काम प्रभावित होगा बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
एसडीएम का आश्वासन
एसडीएम रेनू सिंह ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके ज्ञापन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उच्च अधिकारियों तक उनकी आपत्ति पहुंचाई जाएगी।
भारी संख्या में अधिवक्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में बार अध्यक्ष विनोद सिसोदिया, सचिव मौ. फहीम, उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अमरपाल सिंह, राम प्रकाश राणा, राहुल तोमर, संजीव सागर, रविंद्र यादव, सचिन शर्मा, मोहम्मद अकरम, प्रवीण तोमर, सुमित राणा, पवन राणा, नीरज कुमार, मनीष तोमर, अनुज राणा, मनवीर नगर, रणदीप राघव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्टाम्प वेंडर शामिल रहे।







Post a Comment