News Expert - Sushil Sharma
बोनट पर लेटा युवक और छत पर खड़े होकर दिखाई स्टंटबाजी, ट्रैफिक पुलिस ने ठोका ₹28,500 का चालान
हापुड़। हापुड़ देहात क्षेत्र के नए हाईवे पर स्कॉर्पियो सवार एक युवक ने जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट किया। चलती गाड़ी का स्टीयरिंग छोड़कर कभी बोनट पर लेट गया तो कभी छत पर खड़ा होकर करतब दिखाने लगा। इस खतरनाक करतब का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टीआई छविराम ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के बाद स्कॉर्पियो मालिक की पहचान की गई और ₹28,500 का भारी-भरकम चालान काटा गया। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही सड़क पर दूसरों की जान भी खतरे में डालती है। इसलिए ऐसे करतब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
जानलेवा साबित हो सकते हैं ऐसे स्टंट
ट्रैफिक एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह के स्टंट सिर्फ फिल्मों या प्रशिक्षित पेशेवरों द्वारा सुरक्षित माहौल में किए जाते हैं। आम सड़कों पर ऐसा करना न केवल चालक की बल्कि अन्य राहगीरों की भी जान को खतरे में डाल सकता है। अचानक गाड़ी बेकाबू होने पर बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
लगातार सख्ती कर रही पुलिस
हापुड़ पुलिस हाल के दिनों में लगातार ऐसे खतरनाक स्टंट और यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कस रही है। पुलिस का कहना है कि स्टंटबाजी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए चौराहों और हाईवे पर निगरानी और भी सख्त की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की हरकतें न करें और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ न करें। साथ ही यदि कोई व्यक्ति इस तरह का स्टंट करता दिखाई दे तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें।







Post a Comment