Top News

हापुड़ के रहने वाले निशांत का बिजनौर बैराज के पास मिला शव, गांव में कोहराम

News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव का रहने वाला 22 वर्षीय युवक निशांत त्यागी शिवरात्रि के मौके पर जल भरने हरिद्वार गया था, जहां गंगा में स्नान के दौरान वह डूब गया। आठ दिन तक चली तलाश के बाद उसका शव बिजनौर बैराज के पास मिला। गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

निशांत त्यागी पुत्र शिवकुमार त्यागी 22 जुलाई को अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार गया था। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान गंगा नदी पार करने का प्रयास करते समय वह तेज बहाव में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया। हादसे के तुरंत बाद एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया था।

लगातार आठ दिनों की खोजबीन के बाद बिजनौर बैराज के पास गंगा में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला। शिनाख्त के बाद शव निशांत त्यागी का ही निकला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और रिपोर्ट के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

मुरादपुर गांव में निशांत का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान ग्रामीणों की आंखें नम थीं। गांव में हर कोई निशांत की असमय मृत्यु से स्तब्ध है। परिजनों के अनुसार निशांत मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी असामयिक मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।






Post a Comment

Previous Post Next Post