Top News

पिज्जा कैफे में युवक-युवती की पिटाई करने वाले चारों हमलावर गिरफ्तार

News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - फ्रीगंज रोड स्थित एक पिज्जा कैफे में मंगलवार को हुई मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों हमलावर युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

घटना के मुताबिक, मंगलवार दोपहर एक युवक और युवती पिज्जा कैफे में बैठे बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक चार युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ लाठी, लात और घूंसों से हमला बोल दिया। मारपीट के बीच एक हमलावर ने युवती पर भी हमला कर दिया। देखते ही देखते चारों युवकों ने दोनों को कैफे से बाहर घसीटकर भी पीटा।

इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। मामला संज्ञान में आते ही हापुड़ कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। उसी दिन एक आरोपी को हिरासत में लिया गया था, जबकि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने दबिश देकर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।


कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने कहा "कानून से ऊपर कोई नहीं है। हापुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई होगी।"

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।






Post a Comment

Previous Post Next Post