Top News

हापुड़ में सपा नेता के भतीजे पर हमला, चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब नवादा अंडरपास के पास सपा नेता के भतीजे पर चार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी।

दोस्त से मिलने गया था सपा नेता का भतीजा

मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला कोटला मेवतियान निवासी मनसाद पुत्र हाजी अब्बास, अपने परिचित जमालुद्दीन के साथ बाइक पर सवार होकर गांव नवादा गया था। वहां वह अपने दोस्त जीतू से मिलने पहुंचा। शाम करीब 7:45 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी नवादा अंडरपास के पास पहले से घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।


तीन गोलियां लगीं, हालत गंभीर

फायरिंग में मनसाद को तीन गोलियां लगीं। एक गोली उसकी जांघ में जबकि दो गोलियां पेट में धंसीं। गोलीबारी की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हाफिजपुर थाना प्रभारी आशीष पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।

पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर और क्षेत्राधिकारी पिलखुवा अनीता चौहान भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का भी मुआयना किया और पीड़ित परिजनों से जानकारी ली।


चार सगे भाइयों पर केस दर्ज

सपा नेता याद इलाही पुत्र कर्म इलाही निवासी बुलंदशहर रोड पुरानी चुंगी हापुड़ की तहरीर पर पुलिस ने चार सगे भाइयों— राहिल, गुफरान, सोनू और नावेद—के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि ये चारों ही दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और मनसाद पर हमला किया।

लेन-देन का विवाद बताया जा रहा कारण

सूत्रों के मुताबिक हमले की वजह पैसे का लेन-देन बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post