Top News

छात्राओं को कोतवाल नीरज कुमार ने दिए सुरक्षा के मंत्र


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर - “बेटियां सुरक्षित रहेंगी तो समाज मजबूत होगा।” इसी संदेश के साथ गढ़ कोतवाल नीरज कुमार ने शनिवार को कमलावती मदनलाल सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचकर छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को समझाते हुए छात्राओं को बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है।


हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कोतवाल ने छात्राओं को आपातकालीन सेवाओं के नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में छात्राएं डायल 112 का इस्तेमाल करें। महिला संबंधी परेशानियों के लिए 1091 महिला हेल्पलाइन नंबर तत्काल मदद का सबसे आसान माध्यम है। इसके साथ ही उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की भी जानकारी दी।

छात्राओं से खुलकर की बातचीत

इस दौरान कोतवाल नीरज कुमार ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्रा को स्कूल आते-जाते समय या आसपास किसी भी तरह की परेशानी महसूस हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। ऐसी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


छात्राओं ने सराहा पहल

कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने भी सवाल पूछे और पुलिस की ओर से मिले जवाबों से संतुष्टि जताई। छात्राओं ने कहा कि इस तरह की पहल से उनका आत्मविश्वास और सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

पुलिस हर समय मदद को तैयार

कोतवाल नीरज कुमार ने भरोसा दिलाया कि पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या को छुपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस से संपर्क करें।








Post a Comment

Previous Post Next Post