Top News

हापुड़ : दिनदहाड़े चोरों का तांडव, बच्चों के आते ही भाग खड़े हुए बदमाश


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को मेरठ रोड स्थित जाट भवन वाली कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरों ने घर का ताला तोड़कर धावा बोल दिया। घर में रखे सामान को खंगालने के साथ ही चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान अचानक घर पहुंचे बच्चों को देखकर आरोपी भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।


नौकरी पर गए थे पति-पत्नी, बच्चों की छुट्टी थी

जानकारी के मुताबिक कॉलोनी निवासी सुनील कुमार पुत्र जगदीश सिंह और उनकी पत्नी रोजाना की तरह नौकरी पर गए थे। संयोग से शनिवार को बच्चों की स्कूल की छुट्टी थी। बच्चे घर का ताला लगाकर खेलने के लिए पड़ोस में चले गए। इसी बीच चोरों ने मौके का फायदा उठाकर ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए।


अलमारी का लॉकर तोड़ने की कोशिश

चोरों ने घर में रखे बर्तन और अलमारी खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन तभी खेलकर लौटे बच्चों ने घर का दरवाजा खुला देखा और भीतर पहुंच गए। बच्चों को देख चोर घबरा गए और आनन-फानन में भाग निकले।

चांदी की चैन व नकदी पर हाथ साफ

पीड़ित सुनील कुमार के अनुसार चोर उनके घर से एक चांदी की चैन और करीब 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों ने दिनदहाड़े हुई चोरी पर नाराजगी जताते हुए पुलिस गश्त पर सवाल उठाए।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment

Previous Post Next Post