News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र दिल दहला देने वाला मामला 26 अगस्त को सामने आया था। जहां एक महिला ने अपने प्रेमी की दूसरी प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए न सिर्फ साजिश रची बल्कि अपनी बेटी, भतीजे और सहेली को भी इस षड्यंत्र में शामिल कर लिया। चारों ने मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जंगल में मिला महिला का शव
26 अगस्त की शाम धौलाना क्षेत्र के गांव नंगला उदयरामपुर के जंगल में ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा। गले पर रस्सी के गहरे निशान थे, जो साफ बता रहे थे कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पहचान सुशीला निवासी बरौली अतरौली (जनपद अलीगढ़) के रूप में हुई। सुशीला गाजियाबाद के सुदामापुरी में अपने परिवार के साथ रहकर घर-घर काम करती थी।
प्रेम प्रसंग बना विवाद की जड़
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सुशीला का प्रेम संबंध गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर जट्टा गांव निवासी गौरव से था। गौरव पिछले पांच साल से बुलंदशहर निवासी बबली नाम की महिला के साथ रह रहा था। करीब एक साल पहले गौरव और सुशीला की नजदीकियां बढ़ीं। जैसे ही बबली को इस रिश्ते की भनक लगी, उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। कई बार दोनों महिलाओं के बीच झगड़े और हाथापाई भी हुई। लेकिन धीरे-धीरे यह विवाद एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।
बेटी, भतीजे और सहेली को बनाया हथियार
सुशीला को रास्ते से हटाने के लिए बबली ने साजिश रची। उसने इसमें अपनी बेटी सपना, भतीजे विपिन और सहेली सुमन को भी शामिल कर लिया। योजना के तहत 26 अगस्त को सुशीला को रेलवे क्रॉसिंग के पास बुलाया गया। वहां पिकअप गाड़ी में सपना, सुमन और विपिन पहले से मौजूद थे। सुशीला को बहाने से गाड़ी में बैठाया गया और सुनसान जंगल की ओर ले जाया गया। यहां बबली, सपना और सुमन ने मिलकर रस्सी से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया।
पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि शव मिलने के बाद पुलिस ने कई एंगल से जांच शुरू की। मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया। पुलिस ने छापेमारी कर बबली, उसकी बेटी सपना, सहेली सुमन और भतीजे विपिन को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली गई।
प्रेम और ईर्ष्या की खौफनाक परिणति
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह पूरा हत्याकांड प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या की उपज है। बबली अपने प्रेमी गौरव को खोना नहीं चाहती थी। सुशीला उसके रिश्ते में दरार डाल रही थी। इसी कारण उसने अपने ही करीबी लोगों की मदद से सुशीला की हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








Post a Comment