News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - शुक्रवार की शाम शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे स्टेशन से मोहल्ला श्रीनगर जाने वाले मार्ग पर बने आरपीएफ की निर्माणाधीन साइट के पास बरसाती पानी में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर शव को कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से शव की पहचान मनोज (55) पुत्र… निवासी पुराना भीमनगर के रूप में हुई। मृतक के पुत्र गौरव ने शव की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार मनोज दो दिन से घर से लापता था।
परिजनों ने बताया कि 26 अगस्त को मनोज की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। हालांकि कुछ समय बाद जब उसकी स्थिति सुधरी तो परिजन उसे घर ले आए। लेकिन 27 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे वह घर से निकला और फिर लौटकर नहीं आया।
शराब का आदी था मृतक
परिवार के मुताबिक मनोज लंबे समय से शराब का आदी था, जिसके चलते उसकी सेहत पहले से खराब चल रही थी। पुलिस को आशंका है कि बीमारी और नशे की वजह से उसकी मौत हुई होगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।








Post a Comment