News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - शहर में साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित मोहल्ला श्रीनगर का है, जहां एक युवक से ठगों ने ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पियूष शर्मा ने बताया कि उन्हें बीते 8 फरवरी 2025 को ‘शिपेरो’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में खुद को निवेश विशेषज्ञ बताने वाले लोगों ने निवेश के एवज में भारी मुनाफा कमाने का दावा किया और कई फर्जी लाभ के स्क्रीनशॉट भी साझा किए।
पीड़ित ने 8 से 12 फरवरी के बीच कई किश्तों में करीब 3.20 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में ग्रुप से लगातार बातचीत और लाभ का आश्वासन मिलता रहा, जिससे पियूष को भरोसा हो गया। लेकिन रकम जमा होते ही ग्रुप में सक्रियता कम हो गई और बाद में उसे ग्रुप से भी हटा दिया गया।
जब तय समय तक कोई मुनाफा नहीं मिला और संपर्क के सभी माध्यम बंद हो गए, तब जाकर पियूष को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजेक्शन की मदद से जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह के ऑनलाइन निवेश या मुनाफे के झांसे में न आएं, बिना सत्यापन के कोई रकम ट्रांसफर न करें, और इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें।







Post a Comment