News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। गुरुवार शाम को संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आयोजित बैठक में व्यापार से जुड़ी कई अहम समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। प्रमुख रूप से पार्किंग संकट, जलभराव, बिजली बिलों की अव्यवस्था और अनुचित कर वसूली जैसे मुद्दों पर व्यापारियों ने खुलकर नाराजगी जताई।
व्यवस्थाओं से नाराज व्यापारी बोले – सुविधाएं नहीं, समस्याएं हर मोड़ पर
मंडल अध्यक्ष ललित अग्रवाल 'छावनी वाले' ने कहा कि हापुड़ शहर का व्यापारी हर मोर्चे पर जूझ रहा है। सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है, जिससे ग्राहक भी कतराने लगे हैं और व्यापारी लगातार घाटे में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण व्यापारिक इलाकों में जलभराव आम बात हो गई है, जिससे न केवल ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है बल्कि माल भी खराब हो जाता है।
बिजली बिल और टैक्स वसूली बनी परेशानी
व्यापारियों ने शिकायत की कि बिजली बिल या तो समय पर नहीं आते हैं, या आए तो उनमें त्रुटियां होती हैं। इससे व्यापारी वर्ग को अनावश्यक आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि टैक्स की वसूली शासनादेशों के अनुरूप नहीं हो रही है, जिससे असमंजस की स्थिति बनी रहती है।
मंडी के बंद वेयरहाउस चालू करने की मांग
बैठक में यह भी मांग उठी कि मंडी समिति के अंतर्गत आने वाले बंद पड़े वेयरहाउसों को जल्द से जल्द पुनः शुरू किया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
प्रशासन से मिला आश्वासन
बैठक में सीडीओ हिमांशु कुमार, अपर जिलाधिकारी संदीप सिंह, उपायुक्त राज्य कर लाल चन्द्र, राम भवन, उपजिलाधिकारी हापुड़, नगरपालिका ईओ, मंडी सचिव, आरएमओ रोडवेज, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, सीओ ट्रैफिक, तथा पीडब्ल्यूडी ईओ मुकुल नागपाल समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।







Post a Comment