News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में काम करने वाले एक युवक ने किस्त (ईएमआई) को लेकर चले विवाद से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के तीन दिन बाद मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कंपनी हेड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के बरकतपुर गांव निवासी चिराग त्यागी (25 वर्ष) कुछ माह पहले बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एसएसएम एचडीबी फाइनेंस कंपनी में जॉब करने लगा था। परिजनों का आरोप है कि कंपनी का हेड अंकुर गर्ग शुरू से ही उसे मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
परिजनों के मुताबिक, 2,850 रुपये की एक ईएमआई को लेकर चिराग और अंकुर गर्ग के बीच विवाद चल रहा था। जबकि चिराग ने जल्द किस्त चुकाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद अंकुर बार-बार फोन कर उसे धमकाता और अपमानित करता रहा।
24 अगस्त की शाम लगभग साढ़े पांच बजे अंकुर ने फिर चिराग को कॉल किया और किस्त न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके कुछ देर बाद ही चिराग ने अपने पिता राजू त्यागी को मैसेज भेजकर लिखा"पापा, मैं कंपनी के हेड से परेशान हूं। वह लगातार मेरा उत्पीड़न कर रहा है। अब मैं ट्रेन से कूदकर जान दे रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ अंकुर गर्ग होगा। आप लोग दुखी मत होना।"
इसके बाद चिराग ने रेलवे ट्रैक पर कूदकर जान दे दी। घर में कोहराम मच गया। मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार के बाद पिता राजू त्यागी और परिजन कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बुधवार को आरोपी अंकुर गर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








Post a Comment