News Expert - Ajay verma
पिलखुवा - कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़ोदा हिन्दुवान में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम अंजली (22) था, जो मूल रूप से थाना जारचा क्षेत्र के नगला काशी, जिला गौतमबुद्ध नगर की निवासी थी। सात माह पूर्व उसकी शादी बड़ोदा हिन्दुवान के नवीन से हुई थी। नवीन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
जब नवीन घर से मजदूरी करने गया हुआ था, तभी अंजली ने कमरे में दुपट्टे से पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पाकर पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। आए दिन अंजली को प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment