News Expert - Mahendra Kumar
हापुड़ - हर साल 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन फोटोग्राफरों को समर्पित है जो अपने कैमरे की नजर से समाज, प्रकृति और जीवन के अनगिनत रंगों को सहेजते हैं। इसी क्रम में सोमवार को हापुड़ फोटोग्राफर एसोसिएशन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आड़ती ने किया। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचना नहीं है बल्कि यह एक ऐसी कला है जो बिना शब्दों के भी भावनाओं को जीवंत कर देती है। कैमरे की तस्वीरें समाज का आईना होती हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास का दस्तावेज बन जाती हैं।
विशिष्ट अतिथि बाबूगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष राजीव भैया और हरियाणा के रोहतक से आए संजीव ढल ने भी फोटोग्राफरों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अन्य जिलों से आए फोटोग्राफरों को पटका पहना कर सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि कैमरे के बिना कोई भी आयोजन अधूरा है। शादी–समारोह हो, सामाजिक आंदोलन या प्राकृतिक दृश्य—फोटोग्राफर हर पल को सहेजते हैं। सचिव सुमित कुमार ने कहा कि फोटोग्राफी समाज में वह अहम जिम्मेदारी निभाती है जिसे शब्दों में कई बार बयां करना मुश्किल हो जाता है।
कार्यक्रम में रघुवीर शर्मा, जीत सिंह, धर्मदत्त सिंह, दीपक भारद्वाज, कोषाध्यक्ष राजू, सहसचिव अरविन्द त्यागी, यशपाल सिंह ढिलोर, नरेश सैनी, विकास कुमार, आर.पी. सिंह, एस.पी. सिंह, नरेश चंद, कुकिन प्रजापति, प्रेम कुड़ी, सोनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में फोटोग्राफर मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि कैमरा केवल तस्वीरें नहीं खींचता बल्कि समाज के सच को उजागर करने और इतिहास को संजोने का काम करता है।







Post a Comment