News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना पिलखुवा पुलिस की सक्रियता और सख्त चेकिंग का नतीजा रविवार देर रात एक बड़े अपराधी की गिरफ्तारी के रूप में सामने आया। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश दीपक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोचकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है।
हिस्ट्रीशीटर निकला दीपक
प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम दीपक पुत्र रामबाबू निवासी जसरुपनगर थाना हापुड़ नगर बताया। जांच में सामने आया कि दीपक थाना हापुड़ नगर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर चोरी, लूट और ठगी जैसे गंभीर अपराधों के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से जुटा रही है।
इस सफल मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में थाना प्रभारी पटनीश कुमार और उनकी टीम की सराहना हो रही है। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रभारी निरीक्षक लगातार रात में गश्त और चेकिंग अभियान चला रहे हैं। उनकी रणनीति और चुस्त कार्यशैली का ही नतीजा है कि अपराधियों में खौफ और आमजन में पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
पिलखुवा सीओ अनीता चौहान ने कहा कि “पुलिस अपराध और अपराधियों पर किसी भी हाल में ढिलाई नहीं बरतेगी। फरार बदमाश को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इलाके को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा।”
इस मुठभेड़ के बाद इलाके में चर्चा है कि हापुड़ पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। थाना प्रभारी पटनीश कुमार की सख्त कार्यशैली और त्वरित एक्शन से अपराधियों में दहशत और आमजन में राहत का माहौल है।







Post a Comment