News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - साइबर ठगी के मामलों ने बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पिलखुवा क्षेत्र में एक व्यापारी के बैंक खाते से एक बार फिर बड़ी रकम गायब हो गई। हैरानी की बात यह है कि यह रकम उस खाते से निकली है जिसे बैंक ने पहले ही फ्रीज करने का दावा किया था।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला शुक्लान निवासी मनीष कुमार गोयल के खाते से 17 अगस्त को ₹92,477 की निकासी हो गई। लेन-देन से पहले खाते में 8,51,029 रुपये थे, जो घटकर 7,58,752 रुपये रह गए।
पीड़ित मनीष का कहना है कि इससे पहले भी उनके खाते से करीब 11 लाख रुपये की साइबर ठगी हो चुकी है। उस समय बैंक अधिकारियों ने खाता फ्रीज करने की बात कही थी। बावजूद इसके दोबारा इतनी बड़ी निकासी ने न सिर्फ पीड़ित को झटका दिया है, बल्कि बैंकिंग सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार दो बार ठगी का शिकार हुए मनीष का परिवार अब आर्थिक संकट में फंस गया है। पीड़ित ने पिलखुवा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। साइबर क्राइम सेल को जांच सौंपी गई है। लेन-देन की तकनीकी जांच कर ठगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस खाते को बैंक ने फ्रीज कर दिया, उससे रकम निकल जाना बैंकिंग सिस्टम की बड़ी खामी को उजागर करता है। लोग मांग कर रहे हैं कि पीड़ित को तत्काल राहत दी जाए और साइबर ठगों पर सख्त शिकंजा कसा जाए।







Post a Comment