News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर - नगर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह भरे पानी से नाराज भारतीय किसान यूनियन संघर्ष (अराजनीतिक) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। किसान सड़क पर भरे गंदे पानी में बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर नगर से लेकर मेरठ रोड तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालत यह है कि चलना मुश्किल है और आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
प्रदर्शन के कारण बना जाम
प्रदर्शन के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासनिक अमला मौके पर
स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर और थाना प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। किसानों ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि शाम तक सड़क की मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अल्टीमेटम के बाद आश्वासन
किसानों ने सख्त लहजे में कहा कि अब केवल वादों से काम नहीं चलेगा, सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होना चाहिए। वहीं, एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि समस्या का संज्ञान ले लिया गया है और शीघ्र कार्यवाही शुरू होगी।
आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात सुचारु हो सका।
किसानों का दर्द
भाकियू नेताओं ने कहा गड्ढों में सड़क है, सड़क में गड्ढे नही, यह सड़क नहीं, लोगों की जान के लिए जाल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो किसान फिर से सड़क पर उतरेंगे।








Post a Comment