News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के कस्बे में सोमवार को उधार सामान न देने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और महिलाओं ने घरों की छतों से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस बवाल से पूरे कस्बे में दहशत फैल गई।
चारदिवारी तोड़कर किया पथराव
वायरल वीडियो के अनुसार झगड़ा इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने अपनी छत पर बनी चारदिवारी को तोड़ डाला और वहीं से दूसरे पक्ष पर निशाना साधकर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। लगातार हो रहे पथराव से आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए। कस्बे के मुख्य मार्ग पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
महिलाओं की भी सक्रिय भूमिका
गौर करने वाली बात यह रही कि झगड़े में पुरुषों के साथ महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने छतों से पथराव कर स्थिति को और भड़काने का काम किया। पथराव के चलते कई लोगों को हल्की चोटें आने की भी सूचना है, हालांकि पुलिस ने किसी गंभीर घायल की पुष्टि नहीं की है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बमुश्किल दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा किसी तरह की स्थिति न बिगड़े।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के संबंध में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।








Post a Comment