News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। जहां मलिन बस्तियों में लोग कदम रखने से भी कतराते हैं, वहीं महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने मिशन शक्ति अभियान को नई दिशा देते हुए एक अनोखी मिसाल पेश की। रविवार को वह हापुड़ की एक मलिन बस्ती में पहुंचीं और वहां गरीब महिलाओं व बच्चों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को गोदी में बिठाकर मिशन शक्ति से जुड़ी कहानियां सुनाईं और महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
“गंदगी समझने वालों को दिया करारा जवाब”
अरुणा राय ने कहा कि जिन बस्तियों को समाज अक्सर गंदगी समझकर अनदेखा करता है, उन्हीं इलाकों में महिलाएं और बच्चियां सबसे ज्यादा सुरक्षा और आत्मविश्वास की हकदार हैं। मिशन शक्ति अभियान का असली उद्देश्य इन्हीं तबकों तक पहुंचकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सम्पन्न या पढ़ी-लिखी महिलाओं के लिए नहीं, बल्कि हर वर्ग की महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अभियान है।
पंपलेट से किया जागरूक
मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट बस्ती की महिलाओं को पढ़कर सुनाते हुए अरुणा राय ने महिला हेल्पलाइन नंबर, यूपी-112, 1090 वूमेन पावर लाइन और साइबर अपराध से बचाव जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अधिकार सभी महिलाओं के लिए बराबर हैं और जरूरत के समय इनका इस्तेमाल करने से कोई पीछे न हटे।
बच्चों को आत्मरक्षा और पढ़ाई की दी सीख
थाना प्रभारी ने बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई में आगे बढ़ें, आत्मविश्वास रखें और किसी भी तरह की गलत परिस्थिति आने पर तुरंत अपने माता-पिता या पुलिस को बताएं। उन्होंने बच्चों को छोटी-छोटी आत्मरक्षा की बातें भी बताईं।
बुजुर्ग महिलाओं ने दिया आशीर्वाद
जब अरुणा राय बस्ती की बुजुर्ग महिलाओं के पास पहुंचीं और मिशन शक्ति की योजनाओं पर चर्चा की, तो वहां का माहौल भावुक हो उठा। महिलाओं ने कहा कि आज तक कोई अधिकारी उनकी बस्ती में बैठकर उनके अधिकारों की बात करने नहीं आया। “आज अरुणा राय हमारे बीच बैठीं, हमारे बच्चों को गोद में उठाया और हमारे हक की बातें बताईं, यह हमारे लिए ऐतिहासिक दिन जैसा है”, ऐसा कहना था स्थानीय महिला शांति देवी का। बस्ती की बुजुर्ग महिलाओं ने महिला थाना प्रभारी को आशीर्वाद दिया और कहा कि उनका यह प्रयास उनकी जिंदगी में नई उम्मीद जगाता है।
“मिशन शक्ति हर महिला का अभियान”
अरुणा राय का यह प्रयास इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने का ठोस संकल्प है।
महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने साफ कर दिया है कि मिशन शक्ति का असली चेहरा वही होगा, जब समाज की सबसे उपेक्षित और कमजोर महिलाएं भी अपने अधिकार पहचानकर आत्मविश्वास से आगे बढ़ेंगी।














Post a Comment