News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रीत विहार कॉलोनी के D- ब्लॉक में बीती रात चोरों का आतंक देखने को मिला। आधी रात को गली में घूमते चोर घरों की रेकी कर रहे थे, तभी अचानक कुत्तों ने जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। शोर सुनकर लोग जाग गए और बाहर निकल आए। लोगों की आहट और कुत्तों के शोर से नकाबपोश घबराए चोर मौके से भाग खड़े हुए। यह पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV कैमरे में साफ-साफ कैद हो गया है।
CCTV में कैद हुई चोरों की घबराहट
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही कुत्तों ने भौंकना शुरू किया, नकाबपोश चोर घबराकर गली से भागते हुए नजर आ रहे हैं। उनकी हरकतें और डर के मारे तेजी से भागना कॉलोनीवासियों के लिए सबूत बन गया। लोगों का कहना है कि अगर कुत्ते भौंकते नहीं, तो चोर कोई बड़ी वारदात अंजाम दे सकते थे।
कॉलोनीवासियों का आक्रोश
घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार संदिग्ध लोग इधर-उधर घूमते देखे जा रहे हैं। इसके बावजूद गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में रात गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर पुलिस ने कॉलोनी पहुंचकर CCTV फुटेज कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।









Post a Comment