Top News

जंगल में पेड़ से लटका मिला पिकअप चालक का शव, गांव में मातम


News Expert - Sushil Sharma 

धौलाना (हापुड़) - तहसील धौलाना क्षेत्र के डहाना गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ से लटका शव देखा। मृतक की पहचान नया बसका गांव निवासी 54 वर्षीय आस मोहम्मद के रूप में हुई है, जो पिकअप वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए।


कर्ज से जूझ रहा था चालक

ग्रामीणों ने बताया कि आस मोहम्मद पिछले काफी समय से कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहते थे। परिजनों के अनुसार, आर्थिक तंगी ने उन्हें टूटकर रख दिया था। फिलहाल, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस ने उतारा शव, जुटाए साक्ष्य

सूचना पाकर थाना कपूरपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शव को नीचे उतरवाया और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।


जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


गांव में शोक का माहौल

घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, मृतक के घर पर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि आस मोहम्मद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन कर्ज और जिम्मेदारियों ने उन्हें भीतर से तोड़ दिया था। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।






Post a Comment

Previous Post Next Post