Top News

पार्किंग शुल्क को लेकर बवाल, श्रद्धालु और पार्किंग कर्मी आमने-सामने, तीन हिरासत में


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर - मुक्ति धाम ब्रजघाट में पार्किंग शुल्क को लेकर श्रद्धालुओं और कर्मियों के बीच जमकर हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और तीन पार्किंग कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के भिवानी जनपद के गांव लक्ष्मण की ढानी से पहुंचे श्रद्धालु जब गैस्ट हाउस के पास बने पार्किंग स्थल पर गाड़ियां खड़ी कर रहे थे, तभी शुल्क मांगने पर विवाद हो गया। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि पार्किंग कर्मियों ने उनसे अभद्रता की, जबकि पार्किंग ठेकेदार का कहना है कि श्रद्धालु ही गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों से उलझ गए थे।


घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालु और लोग तमाशबीन बने रहे, वहीं किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

गढ़ सर्किल की सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। फिलहाल तीन पार्किंग कर्मियों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








Post a Comment

Previous Post Next Post