News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटो में करीब 40 किलो का विशाल अजगर निकल आया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने मशक्कत कर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, बाबूगढ़ छावनी निवासी एक ऑटो चालक रोज की तरह अपना ऑटो लेकर निकला था। शनिवार की दोपहर वह एक दुकान के पास ऑटो खड़ा कर आराम करने लगा। तभी कुछ ही मिनटों बाद एक छोटा बच्चा दौड़ता हुआ उसके पास आया और बताया कि “आपके ऑटो में सांप है!”
पहले तो चालक को विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब उसने ऑटो के पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए ऑटो की सीटों के नीचे एक भारी-भरकम अजगर लिपटा हुआ था। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद वन विभाग की टीम को बुलाया गया। कुछ ही देर में टीम मौके पर पहुंची और अजगर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने 40 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर को बाद में एक प्लास्टिक के कट्टे में डालकर वन विभाग की गाड़ी में रख लिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर पूरी तरह सुरक्षित है और उसे जल्द ही जंगल के प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। टीम ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी मामले में खुद से कार्रवाई करने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
ऑटो में अजगर मिलने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। लोग दूर-दूर से मौके पर पहुंचकर अजगर को देखने के लिए जुटते रहे। मोबाइल कैमरों में लोग लगातार वीडियो बनाते रहे और सोशल मीडिया पर यह घटना चर्चा का विषय बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अजगर संभवतः आसपास के किसी खेत या झाड़ी से ऑटो में घुस आया होगा। फिलहाल, वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।















Post a Comment