गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने 70 साल पुराना ज़मीनी विवाद सुलझाया, कोतवाल की सूझबूझ से टली बड़ी घटना
हाईवे किनारे स्कूल की भूमि को लेकर चला आ रहा था विवाद, बुलडोजर चलने से पहले पुलिस ने रोकी कार्रवाई
हापुड़ - थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में बीते 70 वर्षों से चला आ रहा एक पुराना व जटिल भूमि विवाद आखिरकार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार की कूटनीति, तत्परता और सूझबूझ के चलते शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया।
यह विवाद हाईवे किनारे स्थित एक स्कूल की जमीन से जुड़ा था, जिस पर एक पक्ष ने मालिकाना हक़ जताते हुए अचानक बुलडोजर मंगवाकर बाउंड्रीवॉल गिराने की कोशिश की। मौके की नजाकत को भांपते हुए कोतवाल नीरज कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
बुलडोजर व एक व्यक्ति को लिया गया हिरासत में
स्थिति को बिगड़ने से पहले कोतवाल नीरज कुमार ने मौके पर बुलडोजर को रुकवाया और बुलडोजर ऑपरेटर के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भरोसा कायम हुआ और माहौल शांत बना रहा।
दोनों पक्षों को बैठाकर कराया समाधान
इसके बाद, प्रभारी निरीक्षक ने दोनों पक्षों को कोतवाली में आमने-सामने बैठाकर लगभग दो घंटे तक गहन वार्ता कराई। इस दौरान उन्होंने दोनों पक्षों के दस्तावेजों की विधिक जांच कराई और कानूनी स्थिति को स्पष्ट किया। साथ ही सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
धैर्य और समझदारी से विवाद हुआ समाप्त
कोतवाल की धैर्यपूर्ण और निष्पक्ष पहल के चलते अंततः दोनों पक्ष विवाद को शांतिपूर्वक सुलझाने पर सहमति में आ गए। इस तरह सात दशकों से चली आ रही यह जटिल भूमि विवाद की समस्या आखिरकार हल हो गई और किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या टल गई।

Post a Comment