बछलौता फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित होकर पलटा चावल से भरा ट्रक, हेल्पर घायल
हापुड़। गुरुवार की देर रात करीब 2:30 बजे एक चावल से भरा ट्रक बछलौता फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक का हेल्पर घायल हो गया, जबकि ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। मौके पर पहुंची बाबूगढ़ पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए स्थिति को संभाला। बाबूगढ़ थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने घायल ड्राइवर और कन्डेक्टर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और पुलिस टीम के साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में लग गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक HR 46 F 0151 जो कि चावल की बोरियों से लदा हुआ था, शिवा ढाबा के पास फ्लाईओवर से कुछ दूरी पर सड़क की पटरी से उतरकर पलट गया। ट्रक चालक दिनेश कुमार पुत्र रघुवीर तथा हेल्पर आशीष पुत्र सीताराम, दोनों निवासी गांव चाडरा, थाना महुली, जिला सीतापुर हैं।
हादसे का कारण बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे ट्रक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में हेल्पर आशीष को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया चल रही है तथा यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा मार्ग व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment