हाय गर्मी - महिला गैंग ने चुराया बिजली की दुकान से तूफान पंखा





सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, इलेक्ट्रिक व्यापारियों में रोष, पुलिस से कार्रवाई की मांग
सुशील शर्मा
हापुड़। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ चोर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ऐसी ही एक घटना किशनगंज स्थित एक इलेक्ट्रिक कंपनी की दुकान में हुई, जहां 2-3 महिला चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर दुकान से कीमती ब्रांडेड तूफान पंखा चोरी कर लिया।
महिलाएं वारदात के बाद ई-रिक्शा में बैठकर फरार हो गईं। हालांकि चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जैसे ही व्यापारी को चोरी की जानकारी हुई, उसने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास पूछताछ भी की है, लेकिन खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
घटना के बाद हापुड़ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल व्यापारी एसोसिएशन (पंजीकृत) ने कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि “शहर में लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी दहशत में हैं। पुलिस को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, वरना व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और महिला चोरों के गिरोह को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment