मदरसे में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी मौलाना गिरफ्तार
सुशील शर्मा
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने मदरसे में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपी मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना थाना क्षेत्र के एक मदरसे में हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी वरुण मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग बच्ची के परिजनों ने गढ़मुक्तेश्वर थाने में तहरीर दी थी। परिजनों ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी थाना क्षेत्र के एक मदरसे में पढ़ने जाती थी, जहां मदरसे के मौलाना ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोप यह भी है कि आरोपी मौलाना ने किशोरी की अश्लील वीडियो भी बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का दबाव बनाकर कई बार दुष्कर्म किया। बाद में, आरोपी ने वह अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दी।
पुलिस क्षेत्राधिकार वरुण मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया था और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि गुरुवार को पुलिस ने मदरसे में किशोरी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने मदरसों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता और उसके परिवार को कुछ राहत मिली है।

Post a Comment