ऑपरेशन शस्त्र में पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध असलहों और अपराधियों पर कसी नकेल
सुशील शर्मा
मेरठ। पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न जनपदों में संचालित "ऑपरेशन शस्त्र" अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक के बाद एक बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने अवैध हथियार रखने वाले, वांछित एवं इनामी अपराधियों सहित असलहा तस्करों को धर दबोचा है। अभियान के तहत अब तक निम्नलिखित प्रमुख कार्यवाहियाँ की गईं:
मेरठ (थाना कोतवाली) – जानलेवा फायरिंग और मारपीट की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे एवं ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए।
बुलन्दशहर (थाना चोला) – एक अभियुक्त को अवैध तमंचा और ज़िंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया।
हापुड़ (थाना हापुड़ नगर) – चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध असलहा बरामद किया गया।
बागपत (थाना बड़ौत) – एक 25,000 रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन और अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ।
बुलन्दशहर (थाना सिकन्द्राबाद) – दिल्ली-एनसीआर में ऑन डिमांड अवैध शस्त्र सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चार पिस्टल और छह कारतूस बरामद हुए।
मेरठ पुलिस – पुलिस अभिरक्षा से पिस्टल लेकर भाग रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को मुठभेड़ में गोली लगने से घायल कर गिरफ्तार किया गया।
मेरठ (थाना गंगानगर) – गंगाधाम कॉलोनी में 18 जून को फायरिंग करने वाला 25,000 रुपये का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार किया गया।
हापुड़ (थाना हापुड़ नगर) – गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 15,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
बागपत (थाना चांदीनगर) – दो अवैध शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई।
बागपत (थाना बड़ौत) – चेकिंग के दौरान 590 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र ने कहा कि ऑपरेशन शस्त्र का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध असलहों की आपूर्ति पर रोक लगाना, अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित करना और आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Post a Comment