कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर डीएम-एसपी सख्त, सभी अधिकारी समय से करें कार्य पूर्ण
सुशील शर्मा
हापुड़ - मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय व पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा की तैयारी संबंधी बैठक का आयोजन किया गया। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित डीजे संचालकों, होटल व ढाबा मालिकों और धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया।
सभी अधिकारी समय से करें भ्रमण
बैठक में जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने कांवड़ मार्गों का समय से निरीक्षण करें और जिनको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे समयबद्ध ढंग से पूरा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता व सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम ने कहा कि नगरी क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी और पंचायती राज अधिकारी सफाई की जिम्मेदारी निभाएं। आवारा जानवरों को मार्गों से दूर रखने के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कांवड़ मार्गों पर झुके हुए विद्युत तारों को दुरुस्त करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए हैं।
शिविर, मंदिर व होटल ढाबों पर विशेष निगरानी
डीएम ने कहा कि शिविर सड़क किनारे और विद्युत तारों के नीचे न लगाए जाएं। मंदिर प्रबंधनों को लिखित निर्देश जारी होंगे। शिविर संचालकों को 30 जून तक आवेदन देना होगा ताकि समय से अनुमति दी जा सके। शिविरों में सुरक्षा मानक, अग्निशमन व्यवस्था व सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य होंगे। एसपी ने कहा कि शिविरों में कार्यरत सभी लोगों का पुलिस सत्यापन आवश्यक होगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को ढाबा संचालकों से समन्वय कर सभी ढाबों पर रेट लिस्ट, फर्स्ट एड बॉक्स, कांवड़ रखने के लिए स्टैंड आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मांसाहार और मादक पदार्थ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
डीजे पर नियंत्रण, अनुमति जरूरी
डीजे को लेकर भी अधिकारियों ने सख्ती दिखाई। डीजे की ऊंचाई विद्युत तारों से नीचे होनी चाहिए और तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। सभी डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों को दी जाने वाली डीजे सेवा का डेटा संबंधित थानों में जमा कराएं।
शराब की दुकानें रहेंगी ढकी
जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पड़ने वाली शराब की सभी दुकानों को तिरपाल से ढकवा दिया जाए, जिससे धार्मिक भावना आहत न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, सीओ, अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, डीजे संचालक, धर्मगुरु और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment