अम्बेडकर तिराहे पर देर रात फिल्मी स्टाइल में शराब के नशे में भाजपा नेता की भिड़ंत, पुलिस ने की कार्रवाई
हापुड़ - सोमवार देर रात हापुड़ के अम्बेडकर तिराहे पर उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब शराब के नशे में धुत भाजपा नेता अपने ही साथी से भिड़ गए। यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था, जहाँ एक के बाद एक कई गाड़ियां तेज रफ्तार से आकर रुकीं और देखते ही देखते मारपीट का दौर शुरू हो गया।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती हाथापाई और गाली-गलौज के बाद जैसे ही 4 से 5 कारें फिल्मी अंदाज में अम्बेडकर तिराहे पर आकर रुकीं, माहौल और तनावपूर्ण हो गया और जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस पूरे प्रकरण को हापुड़ कोतवाली नगर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में लाइव देखा जा रहा था।
सीसीटीवी में मारपीट देखते ही कोतवाली नगर से दर्जन भर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर भागे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट कर रहे कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली ले जाया गया, जबकि कुछ अन्य युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस हिरासत में लिए गए सभी युवकों का मेडिकल कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दहशत फैलाने वाले और मारपीट करने वाले युवक पुलिस के सामने हाथ जोड़ते और अपनी 'पहुंच' बताते हुए नजर आए। हालांकि, पुलिस ने किसी की नहीं सुनी और सिर्फ नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां एक ओर दहशत फैलाने वालों पर नकेल कसी गई, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी गया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
पुलिस ने देर रात शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की तत्परता और निष्पक्ष कार्रवाई की शहरवासियों ने सराहना की है। आमजन का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इसी प्रकार कार्रवाई होती रही तो असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी।

Post a Comment