News Expert - Ajay Verma
पिलखुवा (हापुड़) - पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव चंदपुरा में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 45 वर्षीय किसान नर्विल तोमर का शव खेत से बरामद हुआ। खेत पर शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, किसान नर्विल तोमर शनिवार देर रात अपने खेत पर गया था। सुबह जब परिजन और ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो उन्होंने नर्विल को मृत अवस्था में देखा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाल पटनीश कुमार और सीओ अनीता चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस जांच में पाया गया कि किसान के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं थे। प्रारंभिक जांच में नर्विल तोमर की मौत ब्रेन हेमरेज से होना माना जा रहा है।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि नर्विल तोमर का किसी से कोई विवाद नहीं था। न ही वे किसी आर्थिक तंगी या घरेलू कलह से जूझ रहे थे। शांत और सौम्य स्वभाव के नर्विल तोमर अपने परिवार का भरण-पोषण खेती-किसानी से ही करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव में किसान की असामयिक मौत से शोक की लहर दौड़ गई है। लोग बड़ी संख्या में परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।







Post a Comment