News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) - गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के दौताई गांव में पारिवारिक कहासुनी ने खून-खराबे का रूप ले लिया। तीन सगे भाइयों के बीच शुरू हुई बहस के दौरान एक भाई ने गुस्से में आकर अपने ही भाई इमरान पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल इमरान को मेरठ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले भाइयों के बीच किसी छोटे विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात इतनी बढ़ी कि एक भाई ने अचानक चाकू निकालकर इमरान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान तीसरे भाई को भी सिर पर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने इमरान की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, इमरान की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और शनिवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी भाई के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। अब इमरान की मौत के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
सीओ वरुण मिश्रा ने कहा कि घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
गांव में हुई इस वारदात से लोग दहशत और हैरानी में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपसी कहासुनी ने जिस तरह से खून-खराबे का रूप ले लिया, उसने पूरे गांव को हिला दिया है।







Post a Comment