हापुड़ (पिलखुवा)। जनपद हापुड़ के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में रविवार को एक युवक ने मानसिक तनाव के चलते अपने खेत पर बने ट्यूबवेल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आवेश पुत्र संजय के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले आवेश घर की छत से गिरकर घायल हो गया था, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा था और तभी से वह मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा था।
रविवार सुबह आवेश घर से बिना किसी को बताए निकला। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे आसपास ढूंढ़ना शुरू किया। काफी तलाश के बाद जब परिजन खेत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ट्यूबवेल के कमरे में आवेश फांसी के फंदे से लटका हुआ था। उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि आवेश एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसके परिवार में बड़ा भाई और बहन भी कार्यरत हैं — बहन दिल्ली पुलिस में और भाई भी निजी कंपनी में नौकरी करता है। आवेश सबसे छोटा था और उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।
पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि परिजनों की सहमति के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के बिना ही सौंपा गया है। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी कर ली गई है।

Post a Comment