डंडों से कार को क्षतिग्रस्त करने पर मुकद्दमा दर्ज पुलिस ने जांच की शुरू
हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के हर्ष विहार मोहल्ले में 8 जून को उस समय हड़कंप मच गया था, जब बाइक सवार युवकों ने एक चलती कार को रोककर उसमें सवार दो दोस्तों पर डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक बाल-बाल बच गए, जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित पक्ष ने घटना की पूरी वारदात का वीडियो फुटेज पुलिस को सौंपते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
तगासराय निवासी मुकेश त्यागी ने बताया कि 8 जून की दोपहर करीब 2:15 बजे उनका पुत्र अपने दोस्त आयुष के साथ कार से मोहल्ला हर्ष विहार स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। कार को आयुष चला रहा था। जैसे ही वे हर्ष विहार पहुंचे, बाइक सवार नितिन शर्मा उर्फ एनडी और उसका एक साथी सामने आ गए और जानबूझकर बाइक को कार के सामने अड़ा दिया।
आरोप है कि कार न रुकने पर नितिन ने हाथ में लिए डंडे से अचानक हमला बोल दिया। डंडे से कार के शीशे तोड़े गए और युवकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। किसी तरह दोनों युवक मौके से बचकर भाग निकले और पास ही स्थित बुआ के घर पहुंचे। लेकिन मामला यहीं नहीं थमा।
आरोप है कि कुछ देर बाद नितिन शर्मा, कृष्णा पंडित, विपिन शर्मा और कुछ अन्य युवक बुआ के घर पर भी आ धमके। वहां गाली-गलौज करते हुए उन्होंने दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थी की तहरीर पर नामजद आरोपियों नितिन शर्मा, कृष्णा पंडित, विपिन शर्मा समेत कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment